सिद्धार्थनगर: राप्ती नदी में नहाने गया 8 वर्षीय मासूम डूबा, तलाश जारी

Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। जनपद के उस्का बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत संगलदीप गांव में मंगलवार दोपहर एक हृदयविदारक घटना सामने आई। राप्ती नदी में दोस्तों के साथ नहाने गया 8 वर्षीय मासूम ऋषिकेश गहरे पानी में समा गया। घटना के बाद से ही स्थानीय गोताखोर और ग्रामीण बालक की तलाश में जुटे हैं, लेकिन घंटों की मशक्कत के बाद भी अब तक उसका कुछ पता नहीं चल सका है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, संगलदीप निवासी शैलेश का पुत्र ऋषिकेश (8) मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे अन्य बच्चों के साथ गांव के पास बहने वाली राप्ती नदी में नहाने गया था। नहाते समय वह अनजाने में गहरे पानी की ओर चला गया और डूबने लगा। किनारे पर मौजूद लोगों ने जब उसे डूबते देखा तो शोर मचाया, जिसे सुनकर भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।

ग्रामीणों और कुछ साहसी युवकों ने तुरंत नदी में छलांग लगाकर बालक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव और गहराई अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने नाव की मदद से देर शाम तक सर्च ऑपरेशन चलाया।
उस्का बाजार थानाध्यक्ष हरेकृष्ण उपाध्याय ने बताया कि लापता बालक की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, नदी किनारे ऋषिकेश के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरा गांव उसकी सलामती की दुआ कर रहा है।