स्वास्थ्य विभाग की छापेमारी से अल्ट्रासाउंड केंद्रों में हड़कंप, मानकों की हुई जांच

Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर: पीसीपीएनडीटी (PCPNDT) एक्ट के कड़ाई से अनुपालन को लेकर स्वास्थ्य विभाग की टीम एक्शन मोड में है। मंगलवार को नोडल अधिकारी डॉ. मानवेंद्र पाल के नेतृत्व में स्वास्थ्य टीम ने नौगढ़ शहर स्थित दो प्रमुख अल्ट्रासाउंड केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने पंजीकरण दस्तावेजों से लेकर मौके पर मौजूद चिकित्सकों की सघन जांच की।

औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप
स्वास्थ्य टीम सबसे पहले उस्का बाजार रोड स्थित शुभांगी अल्ट्रासाउंड सेंटर पहुंची। टीम के अचानक पहुंचने से केंद्र संचालकों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। अधिकारी सीधे अल्ट्रासाउंड कक्ष में दाखिल हुए, जहां पंजीकृत चिकित्सक जांच करते पाए गए। इसके बाद टीम ने शिवम निदान केंद्र का रुख किया। यहां भी डॉ. रोहित नंदन मौके पर मौजूद मिले।

मानकों की अनदेखी पर दी कड़ी चेतावनी
निरीक्षण के दौरान टीम ने मरीजों को दी जाने वाली रिपोर्ट और क्लिनिक के पंजीकरण संबंधी कागजातों का बारीकी से मिलान किया। नोडल अधिकारी डॉ. मानवेंद्र पाल ने संचालकों को सख्त हिदायत दी कि यदि पंजीकृत चिकित्सक के अलावा किसी अन्य व्यक्ति या अपात्र द्वारा जांच किए जाने की शिकायत मिली, तो केंद्र को तत्काल सील कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस टीम में पटल सहायक रोहित वर्मा और कर्मचारी माधवानंद मुख्य रूप से शामिल रहे। विभाग की इस सक्रियता से अवैध रूप से संचालित केंद्रों और लिंग चयन जैसी कुरीतियों पर लगाम कसने की उम्मीद है।