ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से तंग आकर युवक ने दी जान, सुसाइड के बाद परिवार में कोहराम

सिद्धार्थनगर, उत्तर प्रदेश रिपोर्टर: नियामतुल्लाह खान

सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज कस्बे से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ ससुराल पक्ष की कथित प्रताड़ना और मारपीट से आहत होकर एक 30 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना डुमरियागंज थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 14, कृष्णा नगर की है। मृतक की पहचान अबराक के रूप में हुई है, जिसकी शादी महज एक वर्ष पहले वासा गांव में हुई थी।

विवाद और प्रताड़ना का पूरा मामला
परिजनों के अनुसार, निकाह के बाद से ही अबराक और उसकी पत्नी हुदा के बीच अक्सर विवाद रहता था। पत्नी बार-बार मायके जाने की जिद करती थी और अपने भाई को बुलाकर चली जाती थी। करीब तीन महीने पहले भी दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि मामला थाने तक पहुँच गया था, जहाँ पुलिस की मौजूदगी में समझौता कराया गया। इसके बाद पत्नी मायके चली गई और अबराक काम के सिलसिले में मुंबई चला गया।

अस्पताल में झगड़ा बना सुसाइड की वजह!
हाल ही में ससुराल पक्ष ने अबराक को फोन कर बताया कि उसकी पत्नी की डिलीवरी होने वाली है। सूचना पाकर अबराक मुंबई से घर लौटा। अस्पताल में पत्नी की डिलीवरी के बाद एक बार फिर विवाद शुरू हो गया। मृतक के भाई मोहम्मद शमशाद का आरोप है कि अस्पताल में सास और साले ने अबराक के साथ बुरी तरह मारपीट और गाली-गलौज की। इस अपमान और प्रताड़ना से आहत होकर अबराक अपने घर लौटा और फांसी लगा ली।

ससुराल के लोग मेरे भाई को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। अस्पताल में भी उसके साथ मारपीट की गई, जिससे वह अंदर से टूट गया था और यह आत्मघाती कदम उठा लिया।  मोहम्मद शमशाद (मृतक का भाई)


पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही डुमरियागंज पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शुरुआती जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।