बसपा कार्यकर्ताओं का महामंथन: 15 मार्च को लखनऊ में जुटेंगे हजारों कार्यकर्ता, सिद्धार्थनगर में बनी रणनीति

Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के दिशा-निर्देशों पर आगामी 15 मार्च को लखनऊ में आयोजित होने वाले विशाल समागम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। जनपद सिद्धार्थनगर के बांसी स्थित राप्ती नगर मैरेज हॉल में आयोजित जिला स्तरीय कार्यकर्ता समीक्षा बैठक में ‘लखनऊ कूच’ का शंखनाद किया गया।

मुख्य अतिथि और मुख्य मंडल प्रभारी (बस्ती मंडल) सुधीर कुमार भारती ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि 15 मार्च को बसपा कार्यकर्ता लखनऊ में नया इतिहास रचेंगे।

उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के लिए विधानसभा वार जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं और प्रत्येक सेक्टर से बसों का प्रबंध किया गया है। सुधीर भारती ने निर्देश दिया कि हर बस में दो जिम्मेदार पदाधिकारियों की तैनाती होगी, जो यात्रियों की सूची और मोबाइल नंबर के साथ समन्वय स्थापित करेंगे ताकि किसी भी कार्यकर्ता को असुविधा न हो।

दिग्गज नेताओं ने भरा जोश
बैठक को मुख्य मंडल प्रभारी के.के. गौतम, उदयभान गौतम और कल्पनाथ बाबू ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर मिशन को मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन मंडल जोन इंचार्ज राजकुमार आर्य ने किया, जबकि अध्यक्षता जिला अध्यक्ष दिनेश चन्द्र गौतम ने की।

इस अवसर पर मुख्य रूप से इंद्रजीत गौतम, राजकुमार चौधरी, शमीम अहमद, प्रेम मिलन शुक्ला, संजय शर्मा, जहूर खां, रामधनी गौतम और माधुरी गौतम सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।