📅 Published on: March 15, 2026
Kapilvastupost
बढ़नी, सिद्धार्थनगर।
जिले में रसोई गैस की किल्लत और कालाबाजारी की शिकायतों के बीच प्रशासन ने अवैध भंडारण करने वालों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी के कड़े निर्देशों के अनुपालन में शोहरतगढ़ तहसील के बढ़नी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक घर से 14 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए हैं। इस मामले में जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) की तहरीर पर ढेबरुआ थाने में आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
गुप्त सूचना पर टीम ने मारा छापा
जानकारी के मुताबिक, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी रत्नेश मिश्र और पूर्ति निरीक्षक राणा प्रताप सिंह को ग्राम टी शम में अवैध तरीके से गैस सिलेंडर छिपाकर रखने की सटीक सूचना मिली थी।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम के साथ अनिल कुमार यादव पुत्र अदिका प्रसाद के आवास पर औचक छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान घर के भीतर से 14 एलपीजी सिलेंडर बरामद हुए।
दस्तावेज दिखाने में नाकाम रहा आरोपी
जब टीम ने बरामद सिलेंडरों के संबंध में वैध कागजात या लाइसेंस की मांग की, तो घर का मालिक कोई भी संतोषजनक उत्तर नहीं दे सका। अधिकारियों ने मौके पर ही सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया और उन्हें सुरक्षित रखने हेतु नजदीकी गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में दे दिया।
DSO की सख्त चेतावनी
जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी की अनुमति के बाद आरोपी अनिल कुमार के खिलाफ ढेबरुआ थाने में मुकदमा अपराध संख्या 25 के तहत एफआईआर दर्ज करा दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के हक पर डाका डालने वाले और सिलेंडरों की शॉर्टेज का फायदा उठाकर अवैध कमाई करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।