डुमरियागंज: एसबीआई शाखा के पास से दिनदहाड़े बाइक चोरी, जांच में जुटी पुलिस

Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज कस्बे में चोरों के हौसले बुलंद हैं। यहाँ भारतीय स्टेट बैंक (SBI) शाखा के पास खड़ी एक बाइक मंगलवार दोपहर को चोरी हो गई। पीड़ित ने स्थानीय थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, मल्हवार गांव निवासी मोहम्मद मोइन पुत्र नईम मंगलवार को खरीदारी करने के लिए डुमरियागंज कस्बे में आए थे। उन्होंने अपनी बाइक एसबीआई शाखा के बगल में खड़ी की और पास के बाजार में सामान लेने चले गए। दोपहर करीब 12:30 बजे जब वे वापस लौटे, तो उनकी बाइक मौके से गायब थी।
पीड़ित ने काफी देर तक आसपास के इलाकों में बाइक की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। थक-हारकर उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में है और पुलिस घटना की जांच कर रही है। जल्द ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।