सिद्धार्थनगर की श्रद्धा ने गाड़ा झंडा: यूपी बोर्ड हाई स्कूल में हासिल की छठी रैंक, बैंकिंग सेक्टर में बनाना चाहती हैं भविष्य

Nizam Ansari 

सिद्धार्थनगर: यूपी बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित होते ही सिद्धार्थनगर जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। जिला मुख्यालय स्थित रघुवर प्रसाद जायसवाल सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की मेरिट सूची में अपनी जगह बनाई है।

​विद्यालय की मेधावी छात्रा श्रद्धा पांडे ने हाई स्कूल में 96.83% अंक प्राप्त कर उत्तर प्रदेश में छठवीं रैंक हासिल की है। वहीं, इसी विद्यालय की आस्था ओझा ने 96.67% अंकों के साथ प्रदेश में सातवां स्थान प्राप्त किया है।

फूल-मालाओं से हुआ स्वागत

​परिणाम की सूचना मिलते ही छात्राएं अपने परिजनों के साथ विद्यालय पहुंचीं, जहां विद्यालय प्रशासन ने उन्हें माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। श्रद्धा पांडे की इस सफलता पर शिक्षकों और अभिभावकों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सफलता का मंत्र और भविष्य का लक्ष्य

​मीडिया से बातचीत के दौरान श्रद्धा पांडे ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा मुझे उम्मीद थी कि मेरी मेहनत रंग लाएगी और मैं प्रदेश की मेरिट लिस्ट में जगह बना पाऊंगी। आगे की पढ़ाई के लिए मैंने इंटरमीडिएट में गणित (Maths) विषय चुनने का फैसला किया है। मेरा सपना है कि मैं बैंकिंग सेक्टर में जाकर एक उच्च पद पर आसीन होकर देश की सेवा करूं।