*शर्मनाक: शादी का झांसा देकर नाबालिग छात्रा को भगा ले गया शिक्षक, विरोध करने पर पीड़ित पिता को दी जातिसूचक गालियां; 4 पर केस दर्ज**

Kapilvastupost
शोहरतगढ (सिद्धार्थनगर):* उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के शोहरतगढ़ स्थानीय थाना क्षेत्र से गुरु-शिष्य के रिश्ते को कलंकित करने वाला एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है। यहाँ एक विद्यालय के शिक्षक पर कक्षा नौ की नाबालिग छात्रा को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगा है।

पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक और उसके परिवार के चार लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
**शादी का झांसा देकर भगाने का आरोप**
पुलिस को दी गई तहरीर में शोहरतगढ़ क्षेत्र के मस्जिदिया में रह रहे पीड़ित पिता (मूल निवासी: बर्डपुर) ने बताया कि उनकी नाबालिग पुत्री क्षेत्र के ही **’आदर्श बाल विद्या मंदिर बुढ़नईया (पकड़ी)’** में कक्षा नौ की छात्रा है।
आरोप है कि विद्यालय में कार्यरत शिक्षक **संदीप चौधरी उर्फ महेंद्र चौधरी** अक्सर उनकी बेटी के मोबाइल पर बातचीत करता था। बीते 15 मई की सुबह करीब पांच बजे आरोपी शिक्षक ने नाबालिग छात्रा को शादी का झांसा दिया और उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया।
पूछताछ करने पर पीड़ित परिवार को मिली धमकियां
काफी खोजबीन के बाद भी जब बेटी का कोई सुराग नहीं लगा, तो पीड़ित पिता आरोपी शिक्षक के घर पूछताछ करने पहुंचे। आरोप है कि वहां मौजूद आरोपी के पिता **नरेंद्र**, भाई **कुलदीप** और मां **विद्यावती** ने पीड़ित पिता के साथ न केवल अभद्र व्यवहार किया, बल्कि जातिसूचक व भद्दी गालियां भी दीं। इसके साथ ही उन्होंने जान-माल की धमकी देते हुए दोबारा घर आने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।

*पुलिस की कार्रवाई**
**थाना प्रभारी के अनुसार:**  “पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी शिक्षक संदीप चौधरी, उसके भाई कुलदीप, पिता नरेंद्र और मां विद्यावती के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस टीम द्वारा मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है और जल्द ही आगामी कार्रवाई पूरी की जाएगी।”