रील बनाने का शौक बना काल: शोहरतगढ़ में ट्रेन की चपेट में आने से 17 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत

गुरु जी की कलम से
*शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर)।*
सोशल मीडिया पर रील बनाने का क्रेज आज की युवा पीढ़ी के लिए किस कदर जानलेवा साबित हो रहा है, इसका एक और खौफनाक उदाहरण शनिवार को शोहरतगढ़ में देखने को मिला। गोरखपुर-बढ़नी-गोंडा रेल खंड मार्ग पर बानगंगा मुख्य नहर के पास रील बनाते समय एक 17 वर्षीय किशोर ट्रेन की चपेट में आ गया। इस हादसे में किशोर ने अपनी जान गंवा दी, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया।
रेलवे ट्रैक पर तीन दोस्त बना रहे थे रील
मिली जानकारी के अनुसार, शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत परसोहिया नानकार का रहने वाला विक्की (17) पुत्र प्रेम बहादुर शनिवार सुबह अपने दो अन्य दोस्तों के साथ रेलवे स्टेशन शोहरतगढ़ के पश्चिम बानगंगा मुख्य नहर के पास गया था। तीनों युवक रेलवे ट्रैक के बिल्कुल किनारे खड़े होकर मोबाइल से रील बना रहे थे।
ट्रेन की चपेट में आने से कटे दोनों पैर
रील बनाने के दौरान ही बढ़नी की तरफ से गोरखपुर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार ट्रेन वहां से गुजरी। पटरी के बेहद नजदीक खड़े होकर वीडियो बना रहा विक्की ट्रेन की गति और दूरी का अंदाजा नहीं लगा पाया और उसकी चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि किशोर के दोनों पैर कट गए और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और दोस्तों की मदद से गंभीर रूप से घायल विक्की को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) शोहरतगढ़ ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, जख्म इतने गहरे थे कि जिला अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम के बाद बानगंगा घाट पर हुआ अंतिम संस्कार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शाम को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद गमगीन माहौल में बानगंगा श्मशान घाट पर किशोर का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस हादसे के बाद से मृतक के घर में मातम छाया हुआ है।