शोहरतगढ़ : मड़वा चौराहे पर तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर मौत; दो घायल
📅 Published on: July 18, 2026
गुरु जी की कलम से
शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर):*
शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत शोहरतगढ़-बढ़नी राष्ट्रीय राजमार्ग 730 पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मड़वा चौराहे के पास एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक सवार एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
एक ही बाइक पर सवार थे तीन लोग
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर लगभग 12 बजे एक ही मोटरसाइकिल पर तीन लोग सवार होकर मड़वा गांव की तरफ से शोहरतगढ़ किसी काम से जा रहे थे इसी बीच बढ़नी की तरफ से एक पिकअप शोहरतगढ़ की ओर आ रहा था। बाइक सवार मड़वा चौराहे पर जैसे ही शोहरतगढ़ की तरफ मुड़े पीछे से आ रही पिकअप और बाइक टकरा गए ।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया और बाकी दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
मृतक की हुई पहचान
हादसे की सूचना मिलते ही शोहरतगढ़ थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) शोहरतगढ़ भिजवाया। वहीं, मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस द्वारा की गई शिनाख्त में मृतक की पहचान 70 वर्षीय **पंचराम निषाद** (पुत्र झिनकू निषाद) के रूप में हुई है। वह कढेला समय माता थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम दुबिहारी के निवासी थे।
पुलिस ने वाहन को लिया कब्जे में, विधिक कार्रवाई जारी
इस संबंध में जानकारी देते हुए शोहरतगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह ने बताया:
“मड़वा चौराहे के पास पिकअप की टक्कर से एक बाइक सवार व्यक्ति की मृत्यु हुई है और दो लोग घायल हुए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और दुर्घटना को अंजाम देने वाले पिकअप वाहन को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। परिजनों से तहरीर (शिकायत) मिलते ही मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।”
प्रतीकात्मक फोटो


