पानी भरे खेत में पैर फिसलने से सिर कीचड़ में दबा, 19 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत; परिवार में मचा कोहराम

Kapilvastupost
**बर्डपुर (सिद्धार्थनगर)।**
कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र के भरवलिया गांव में मंगलवार की सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। गांव के पास पानी भरे खेत में पैर फिसलकर गिरने से 19 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, भरवलिया गांव निवासी विनोद कुमार का 19 वर्षीय पुत्र विजय नाथ मंगलवार सुबह घर से पूर्व दिशा की ओर सड़क किनारे शौच के लिए गया हुआ था। शौच से निपटने के बाद वह पास के खेत में जमा पानी में हाथ-पैर धोने लगा। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया, जिससे वह खेत के कीचड़ और पानी में जा गिरा।
बताया जा रहा है कि पैर में चोट लग जाने के कारण वह तुरंत उठ नहीं सका और उसका सिर पानी व कीचड़ में ही दबा रह गया, जिससे उसका दम घुट गया।
**राहगीर ने दी परिजनों को सूचना**
घटना के वक्त वहां से गुजर रहे निकटतम बैरखा गांव के एक व्यक्ति ने युवक को खेत में बेसुध पड़ा देखा। उसने तुरंत युवक को बाहर निकाला और गांव वालों व परिजनों को हादसे की सूचना दी। रोते-बिलखते परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और विजय की सांसें थम चुकी थीं।
परिजन बिना किसी पुलिस कार्रवाई के शव को घर ले आए और गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया। उधर, कपिलवस्तु कोतवाली प्रभारी विनय प्रताप सिंह ने बताया कि फिलहाल इस संबंध में थाने पर कोई आधिकारिक सूचना या तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।