📅 Published on: July 22, 2026
Kapilvastupost
डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर)।
भवानीगंज क्षेत्र स्थित ‘दादा हनुमान हॉस्पिटल’ पर मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने औचक छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान अस्पताल पूरी तरह से अवैध तरीके से संचालित होता पाया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सख्त रुख अपनाते हुए पंजीकरण प्रक्रिया पूरी होने तक अस्पताल को तुरंत प्रभाव से बंद रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, बिना वैध पंजीकरण के अस्पताल चलाने के संबंध में संचालक को नोटिस थमाकर स्पष्टीकरण मांगा है।
आवेदन का पर्चा दिखाकर नहीं बच सकेंगे संचालक
नैदानिक स्थापना (निजी अस्पताल) के नोडल अधिकारी*डॉ. मानवेंद्र पाल* और बेंवा सीएचसी अधीक्षक *डॉ. विकास चौधरी* के नेतृत्व में स्वास्थ्य टीम ने भवानीगंज स्थित इस अस्पताल में दबिश दी। निरीक्षण के दौरान जब टीम ने संचालक से अस्पताल के संचालन और पंजीकरण से संबंधित दस्तावेज मांगे, तो संचालक कोई भी वैध प्रमाणपत्र प्रस्तुत नहीं कर सका।
कार्रवाई से बचने के लिए संचालक ने केवल पंजीकरण के लिए दिए गए आवेदन की रसीद/कागज दिखाए, जिस पर जांच टीम ने गहरी नाराजगी व्यक्त की।
“आवेदन करना, अस्पताल चलाने की अनुमति नहीं”
नोडल अधिकारी डॉ. मानवेंद्र पाल ने सख्त लहजे में हिदायत देते हुए कहा: “बिना अंतिम पंजीकरण के अस्पताल का संचालन करना पूरी तरह से गैर-कानूनी और नियमों के विरुद्ध है। केवल पंजीकरण का आवेदन जमा कर देने मात्र से किसी को भी अस्पताल चलाने की छूट नहीं मिल जाती।”
टीम ने मौके पर ही चेतावनी दी कि जब तक अस्पताल का आधिकारिक पंजीकरण पूरा नहीं हो जाता, तब तक किसी भी मरीज का इलाज या अस्पताल का संचालन नहीं किया जाएगा। ऐसा न करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।