सिद्धार्थनगर में दर्दनाक हादसा: नवनिर्मित मकान का छज्जा गिरने से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

Kapilvastupost
**बिस्कोहर (सिद्धार्थनगर)**
सिद्धार्थनगर जिले के त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र स्थित कमसार गांव में बुधवार सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। नव-निर्मित मकान के छज्जे की प्लाई खोलते समय अचानक छज्जा भरभराकर नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में आने से एक 40 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से ही पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
प्लास्टर की प्लाई खोलते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, कमसार गांव निवासी **प्रकाश मौर्य (40 वर्ष)**, पुत्र राजाराम मौर्य, बुधवार सुबह लगभग 8:00 बजे अपने निर्माणाधीन मकान के छज्जे से प्लाई (शटरिंग) खोल रहे थे। इसी दौरान जैसे ही उन्होंने प्लाई हटाई, अचानक पूरा छज्जा उनके ऊपर ही गिर पड़ा। छज्जे के मलबे में दबकर प्रकाश मौर्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत किया घोषित
हादसे के तुरंत बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में घायल प्रकाश मौर्य को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) इटवा पहुंचाया। हालांकि, वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
मृतक प्रकाश मौर्य अपने पीछे चार बच्चों का रोता-बिलखता परिवार छोड़ गए हैं। उनके बच्चों में सबसे बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि दो अन्य बच्चे बालिग हैं और एक बच्चा अभी भी नाबालिग है।