पलटा देवी चौपाल में अधिकारियों ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

निजाम अंसारी

शोहरतगढ़ / सिद्धार्थनगर 

शोहरतगढ़ ब्लॉक की ग्राम पंचायत पलटा देवी में शुक्रवार को ‘गांव में समस्या, गांव में समाधान’ अभियान के तहत पंचायत भवन में एक विशेष ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की स्थानीय समस्याओं का मौके पर ही समाधान करना और उन्हें शासन द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।

​इस चौपाल की अध्यक्षता ग्राम पंचायत सचिव अजय भारतीया ने की।

सरकारी और जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी

​चौपाल के दौरान पंचायत सचिव ने ग्रामीणों को केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने विशेष रूप से:

  • ​वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन योजना

  • ​प्रधानमंत्री आवास योजना और व्यक्तिगत शौचालय का लाभ

  • ​प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना

  • ​अन्य ब्लॉक स्तरीय योजनाओं की प्रक्रिया से ग्रामीणों को अवगत कराया।

​इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीणों को गांव में स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया और सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

बैंकिंग, डिजिटल सुरक्षा और कुटीर उद्योग पर जोर

​कार्यक्रम में आरबीआई (RBI) बैंक के प्रतिनिधि संतोष शुक्ला ने बैंकिंग सेवाओं, विभिन्न बीमा योजनाओं और वित्तीय साक्षरता (Financial Literacy) की जानकारी दी। उन्होंने स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कुटीर उद्योगों जैसे— मशरूम उत्पादन ,अगरबत्ती और मोमबत्ती निर्माण ,अचार एवं मसाला निर्माण के अवसरों पर भी प्रकाश डाला, जिससे ग्रामीण खुद का व्यवसाय शुरू कर सकें।

बाल विवाह रोकने की अपील और साइबर अपराधों से बचाव का संदेश

​महिला विकास संस्थान के ब्लॉक ऑफिसर अमन शर्मा ने ग्रामीणों को बाल विवाह के सामाजिक व कानूनी दुष्परिणामों के बारे में बताया और गांव में बाल विवाह पूरी तरह रोकने के लिए सभी से सहयोग की अपील की। इसके अलावा, उन्होंने वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर अपराधों (Online Frauds) से बचाव और डिजिटल सुरक्षा के तरीकों के प्रति भी लोगों को सतर्क किया।

कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद

​ग्राम चौपाल के दौरान गांव के कई गणमान्य नागरिक और अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से: सिकंदर यादव (ग्राम प्रधान) ,सुनील गुप्ता (रोजगार सेवक) ,परमेश्वर चौहान, जोखन सहानी, हजारी प्रसाद, ओमप्रकाश, इरफान, मोहम्मद रफीक, शाह फैसल खान, सुनील, बारगी, राममिलन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।