जोगिया में बड़ा सड़क हादसा: ट्रक और बोलेरो की भीषण भिड़ंत, दो की हालत गंभीर

सूपा-फजिहतवा पेट्रोल पंप के पास आलू लदे ट्रक से टकराई बोलेरो, आधे घंटे तक बाधित रहा मार्ग

निजाम अंसारी

जोगिया (सिद्धार्थनगर)। जोगिया कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सूपा-फजिहतवा मार्ग स्थित पेट्रोल पंप के पास एक अनियंत्रित ट्रक और बोलेरो के बीच आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए, वहीं आलू से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर ही पलट गया। इस दुर्घटना में बोलेरो सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जबकि ट्रक चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

जेसीबी की मदद से खाली कराया गया मार्ग टक्कर के बाद आलू लदा ट्रक सड़क पर तिरछा होकर पलट गया, जिससे मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी बुलवाकर आधे घंटे की मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया।

घायलों का 50 बेड अस्पताल बांसी में चल रहा इलाज हादसे में गंभीर रूप से घायल बोलेरो चालक अशोक (30 वर्ष) पुत्र राम अचल यादव निवासी रामगढ़ (थाना शोहरतगढ़) और सलाहुद्दीन (25 वर्ष) पुत्र अब्दुल रहीम निवासी परसिया (थाना शोहरतगढ़) को तत्काल बांसी स्थित 50 बेड वाले अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। वहीं ट्रक के खलासी कृष्ण राम पुत्र बुद्धिराम निवासी नीबी सुराहा को मामूली चोटें आई हैं।

पुलिस की कार्रवाई घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। जोगिया थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि पुलिस ने ट्रक और बोलेरो दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है। घायलों का इलाज जारी है और परिजनों की ओर से तहरीर मिलते ही वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।