रंग-बिरंगी रोशनी से सजा शोहरतगढ़, कड़े सुरक्षा पहरे व ड्रोन निगरानी में निकाला गया ‘जुलूस-ए-मोहम्मदी’; अमन-चैन की मांगी गई दुआ

Kapilvastupost

शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस (बारा रबीउल अव्वल)  के मुबारक अवसर पर सिद्धार्थनगर जिले के शोहरतगढ़ कस्बे में अकीदत, उत्साह और आपसी सौहार्द का माहौल देखने को मिला। रंग-बिरंगी रोशनियों से जगमगाते कस्बे में अकीदतमंदों ने पुलिस-प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच भव्य ‘जुलूस-ए-मोहम्मदी’ निकाला। जुलूस का समापन देश और समाज में अमन-चैन, शांति और भाईचारे की विशेष दुआ के साथ हुआ।

रंग-बिरंगी झालरों से सजा कस्बा, युवाओं ने जताई खुशी

मोहम्मद साहब के जन्मदिवस के पवित्र दिन को लेकर शोहरतगढ़ कस्बे में उत्साह का माहौल छाया रहा। जामा मस्जिद, ईदगाह और अकीदतमंदों के घरों को रंग-बिरंगी बिजली की झालरों व आकर्षक सजावट से सजाया गया। कई घरों की छतों पर इस्लामी झंडे लहराते नजर आए। जन्मदिन पर लोगों ने पटाखे भी जलाये। हलीम उस्ताद गली से जामा मस्जिद तक सड़क के दोनों ओर बेहद आकर्षक सजावट की गई। इस दौरान युवाओं ने पटाखे छोड़कर अपनी खुशी का इजहार किया।

पारंपरिक मार्गों से होकर गुजरा जुलूस

जामा मस्जिद के सदर अल्ताफ हुसैन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, तय समय पर जामा मस्जिद से भव्य जुलूस-ए-मोहम्मदी की शुरुआत हुई। यह जुलूस हलीम उस्ताद गली, रमजान गली, नीबी दोहनी, पुलिस बूथ, तिरंगा चौराहा होते हुए माल गोदाम तिराहा पहुंचा। इसके पश्चात जुलूस वापस अपने गंतव्य जामा मस्जिद पहुंचकर संपन्न हुआ।

ड्रोन कैमरों और CCTV से निगरानी, मुस्तैद रहा प्रशासन

सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से पुख्ता इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील स्थानों और निर्धारित मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रही। ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से जुलूस की पल-पल की निगरानी की गई। पुलिस अधिकारियों ने स्वयं जुलूस मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

शोहरतगढ़ में एसडीएम राजेश कुमार, सीओ मयंक द्विवेदी और थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल ने पूरी सतर्कता से सुरक्षा की कमान संभाली। अधिकारियों की सजगता के चलते पूरा आयोजन सकुशल और शांतिपूर्ण संपन्न हुआ।

धर्मगुरुओं और जनप्रतिनिधियों ने दिया शांति व सौहार्द का संदेश

आयोजन को लेकर धर्मगुरुओं और स्थानीय लोगों ने पहले ही सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं। मौलाना रजिउल्लाह, कारी अकबर अली, हाफिज एजाज और मौलाना शाहिद रजा ने कहा कि पैगंबर मोहम्मद साहब ने पूरी दुनिया को आपसी सौहार्द, दया और भाईचारे का संदेश दिया है। जुलूस के दौरान अकीदतमंदों ने मुल्क में तरक्की और अमन-अमान के लिए हाथ उठाकर दुआएं मांगीं।

प्रशासन की ओर से त्योहार से पूर्व ही धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों और जुलूस समितियों के साथ शांति बैठकों का आयोजन कर दिशा-निर्देश जारी किए गए थे।

सैकड़ों गणमान्य नागरिक और अकीदतमंद रहे मौजूद

कार्यक्रम के दौरान तहसील व पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ चेयरमैन प्रतिनिधि रवि अग्रवाल, युवा नेता श्याम सुन्दर चौधरी, नवाब खान, सुप्रसिद्ध सर्जन डॉ. सरफराज अंसारी, डॉ. शादाब अंसारी, इंजीनियर एजाज अंसारी, डॉ. शाह आलम, व्यापार मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र कौशल, सभासद वकील खान, अशरफ अंसारी, शकील खान, जफर आलम, असलम अंसारी, अब्दुल कलाम, गुड्डू, शाहरुख, सलमान, मेराज, फखरे आलम, बेलाल, बब्लू शाह सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय नागरिक एवं अकीदतमंद मौजूद रहे।