📅 Published on: September 2, 2026
Kapilvastupost
लोटन (सिद्धार्थनगर)। लोटन कोतवाली क्षेत्र के हरिवंशपुर गांव में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। घर में फर्श पर सो रहे पति-पत्नी को जहरीले सांप ने डस लिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है और तीन छोटे-छोटे मासूम बच्चों के सिर से एक ही झटके में माता-पिता का साया उठ गया।
रात 3 बजे आंख और हाथ पर डसा हरिवंशपुर निवासी इजहार अहमद (30) और उनकी पत्नी हशीमुन्निशा (28) सोमवार रात खाना खाने के बाद रोजाना की तरह फर्श पर बिस्तर बिछाकर सो रहे थे। रात करीब तीन बजे किसी जहरीले सांप ने इजहार की आंख के पास और हशीमुन्निशा के हाथ में काट लिया। दर्द और घबराहट होने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई।
तीन अस्पतालों के चक्कर, रास्ते में तोड़ा दम परिजन दोनों को तुरंत आनन-फानन में सीएचसी लोटन लेकर पहुंचे। हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया। वहां भी स्वास्थ्य में सुधार न होने और हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर ले जाने की सलाह दी। गोरखपुर ले जाते समय रास्ते में ही दोनों ने दम तोड़ दिया।
मासूमों का रो-रोकर बुरा हाल, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे मृतक दंपति अपने पीछे एक बेटा और दो बेटियां छोड़ गए हैं, जिनकी उम्र बेहद कम है। हादसे की सूचना मिलने पर लोटन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने पर हल्का लेखपाल मनोज कुमार, शिव शंकर यादव, संजय प्रकाश और अखिलेश यादव भी गांव पहुंचे। लेखपाल मनोज कुमार ने बताया कि तहसीलदार के निर्देश पर वे मामले की रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं, ताकि आगे की प्रक्रिया पूरी की जा सके। वहीं एसओ प्रदीप कुमार सिंह ने पोस्टमार्टम की पुष्टि की है।