इटवा में गरजे बुलडोजर: जाम की समस्या से निजात दिलाने को पटरियों और फुटपाथ से हटाए अवैध कब्जे

Kapilvastupost

इटवा। नगर पंचायत इटवा में आए दिन लगने वाले जाम से आम जनता को राहत दिलाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। मंगलवार को नगर पंचायत और तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में इटवा-बिस्कोहर मार्ग पर बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। बुलडोजर की मदद से सड़क और फुटपाथ पर किए गए अस्थायी निर्माण, ठेले, गुमटियां और टीन शेड ध्वस्त कर दिए गए।

अतिक्रमणकारियों में मचा हड़कंप, खुद समेटने लगे सामान प्रशासन की टीम के मौके पर पहुंचते ही सड़क किनारे अवैध रूप से दुकानें सजाने वालों में अफरा-तफरी मच गई। कई दुकानदार कार्रवाई से बचने के लिए आनन-फानन में अपना सामान समेटकर हटते नजर आए। टीम ने पटरियों पर चिन्हित किए गए कब्जों और टीन शेडों को मौके पर ही हटवा दिया। पुलिस बल की मुस्तैदी के चलते पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

तीन दिन की चेतावनी के बाद हुई कार्रवाई नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) शिव कुमार ने बताया कि सार्वजनिक रास्तों पर कब्जे के कारण नगर में रोजाना जाम लग रहा था, जिससे राहगीरों और चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्रवाई अचानक नहीं की गई है—प्रशासन की ओर से लगातार तीन दिनों तक लाउडस्पीकर के माध्यम से मुनादी कराकर अतिक्रमण खुद हटाने की चेतावनी दी गई थी।

दोबारा कब्जा करने पर मिलेगी सख्त सजा ईओ ने चेतावनी दी है कि सार्वजनिक सड़कों, पटरियों और फुटपाथों को खाली रखना सभी की जिम्मेदारी है। यदि किसी ने दोबारा कब्जा करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

इस दौरान ईओ शिव कुमार, नायब तहसीलदार बिंद्रेश गुप्ता और नगर पंचायत लिपिक आकाश समेत कई प्रशासनिक व पुलिस कर्मचारी उपस्थित रहे।