पोखरे में मिला 38 वर्षीय मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव का शव, एक दिन पहले बरामद हुई थी बाइक; हत्या की आशंका से सनसनी
📅 Published on: September 11, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। जोगिया थाना क्षेत्र के सोनवल गांव में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक पोखरे से करीब 38 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान बिहार के जहानाबाद जनपद के घोसी थाना क्षेत्र के बैना गांव निवासी युवक के रूप में बताई जा रही है। वह पिछले कई वर्षों से सिद्धार्थनगर में रहकर मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (MR) के रूप में काम करता था।
बताया जा रहा है कि युवक की मोटरसाइकिल एक दिन पहले इसी पोखरे में मिली थी। इसके बाद से उसकी तलाश की जा रही थी। शुक्रवार को पोखरे से उसका शव बरामद होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
मृतक के परिजनों ने युवक की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह क्या है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक सदर, सीओ बांसी सहित जोगिया और संबंधित थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। युवक पोखरे तक कैसे पहुंचा, उसकी मोटरसाइकिल पहले वहां कैसे पहुंची और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई—इन सवालों के जवाब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सामने आने की उम्मीद है।
फिलहाल पुलिस मामले को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत मानकर जांच कर रही है।
संकेतात्मक फोटो


