शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा ने धनौरा बुजुर्ग में लगाई चौपाल, सुनीं जनसमस्याएं; मौके पर ही अधिकारियों को निस्तारण के दिए सख्त निर्देश

निज़ाम अंसारी 

बढ़नी, सिद्धार्थनगर।

शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनय वर्मा ने बढ़नी विकास खंड के ग्राम पंचायत धनौरा बुजुर्ग में जनचौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया। चौपाल के दौरान विधायक ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जनचौपाल को संबोधित करते हुए विधायक विनय वर्मा ने कहा कि क्षेत्र का चौमुखी विकास और हर अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि गांव और गरीब के विकास के बिना समृद्ध समाज की कल्पना नहीं की जा सकती। चौपाल में ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पेयजल, नाली निर्माण, पेंशन, आवास और राशन कार्ड से जुड़ी कई समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा।

विधायक ने कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराया, जबकि जटिल मामलों के लिए मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस दौरान विधायक ने केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी और पात्र लाभार्थियों से आगे आकर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

इसी क्रम में खंड विकास अधिकारी अनिशि मणि पांडेय ने धनौरा बुजुर्ग में आयोजित चौपाल के दौरान ग्रामीणों द्वारा विकास कार्यों से संबंधित जो भी शिकायतें और मांगें प्राप्त हुई हैं, उन्हें दर्ज कर लिया गया है। नाली, सड़क और पेंशन जैसी समस्याओं के निस्तारण के लिए संबंधित पंचायत कर्मियों को प्राथमिकता के आधार पर काम करने के निर्देश दिए गए हैं। शासन की कल्याणकारी योजनाओं का पारदर्शी तरीके से शत-प्रतिशत क्रियान्वयन हमारी प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

एस डी एम शोहरतगढ़ ने चौपाल कार्यक्रम में राजस्व, भूमि विवाद और जनसमस्याओं से जुड़े जो भी आवेदन आए हैं, उनका प्राथमिकता से निस्तारण कराया जा रहा है। प्रशासनिक स्तर पर सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे शिकायतों की मौके पर जांच कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। हमारा पूरा प्रयास है कि ग्रामीणों को अपनी जायज समस्याओं के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। जनहित और पारदर्शी निस्तारण के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”

प्रधान प्रतिनिधि अलीमुल्लाह ने कहा हमारे गांव धनौरा बुजुर्ग में विधायक जी और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में चौपाल का सफल आयोजन हुआ, जिससे ग्रामीणों को अपनी बात रखने का सीधा मौका मिला। गांव के सर्वांगीण विकास, जल निकासी और आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए हमने विधायक जी के समक्ष मांग रखी है। ग्राम पंचायत स्तर पर हम हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। गांव की समस्याओं के जल्द से जल्द समाधान के लिए हम प्रशासन के साथ मिलकर तत्परता से काम करेंगे।”

इस दौरान ग्राम प्रधान किस्मत अली , राजकुमार मौर्या , गुलाम रसूल सचिव शीला पटेल , अवधेश यादव , शाहिद सिराज , राम विलास  सहित चौपाल कार्यक्रम में भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, बुजुर्ग, महिलाएं, युवा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ विकास खंड और संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।