बड़ी कार्रवाई: दिव्यांगता का फर्जी सर्टिफिकेट जारी करने का आरोप, वरिष्ठ मलेरिया इंस्पेक्टर को दिल्ली पुलिस ले गई

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय के मलेरिया विभाग में तैनात वरिष्ठ मलेरिया इंस्पेक्टर जय प्रकाश शुक्ला को दिल्ली पुलिस अपने साथ ले गई है। मलेरिया इंस्पेक्टर पर मई-जून माह में फर्जी दिव्यांगता सर्टिफिकेट जारी करने का गंभीर आरोप है। मामला सामने आने के बाद से ही जिले में फर्जी दिव्यांग प्रमाणपत्र जारी करने वाले गिरोह और संबंधित कर्मियों में खलबली मच गई है।

सीएमओ कार्यालय पहुंचकर की गई पूछताछ जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस की 7 सदस्यीय टीम 10 सितंबर को सीएमओ कार्यालय पहुंची और वरिष्ठ मलेरिया इंस्पेक्टर जय प्रकाश शुक्ला के संबंध में जानकारी जुटाई। सीएमओ की अनुमति के बाद पुलिस ने शुक्ला से घंटों पूछताछ की। पूछताछ के दौरान सामने आया कि वह दिव्यांगता बोर्ड में सहायक के रूप में भी कार्य करते थे और सीएमओ स्तर से जारी आईडी व पासवर्ड के जरिए पोर्टल पर दिव्यांग प्रमाणपत्र जारी करते थे।

पूछताछ में खुले कई राज, आरोपों को किया स्वीकार दिल्ली पुलिस की जांच में मई-जून माह में जारी किए गए कई दिव्यांगता प्रमाणपत्रों में भारी फर्जीवाड़ा मिला है। सूत्रों के मुताबिक, कड़ाई से हुई पूछताछ में मलेरिया इंस्पेक्टर ने कई बिंदुओं पर अपने आरोपों को स्वीकार कर लिया है। इसके बाद दिल्ली पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर दिल्ली रवाना हो गई।

सीएमओ ने की पुष्टि मामले पर सीएमओ डॉ. संजय कुमार दोहरे ने बताया कि दिल्ली पुलिस की टीम कार्यालय आई थी और जांच व पूछताछ के सिलसिले में वरिष्ठ मलेरिया इंस्पेक्टर जय प्रकाश शुक्ला को अपने साथ लेकर गई है।