शोहरतगढ़ पुलिस की सतर्कता से बची एक मासूम जिंदगी, बाणगंगा पुल से कूदकर जान देने जा रहे किशोर को होमगार्ड्स ने सुरक्षित बचाया

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर। थाना शोहरतगढ़ पुलिस ने अपनी तत्परता और सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टालते हुए आत्महत्या का प्रयास कर रहे एक किशोर को समय रहते बचा लिया। पुलिस की इस तत्परता और मानवीय पहल की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार (13 सितंबर 2026) को थाना शोहरतगढ़ क्षेत्र के बाणगंगा पुल पर अगया निवासी रितेश तिवारी पुत्र मुन्नू तिवारी बाणगंगा पुल से नदी में कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास कर रहा था। उसी दौरान बाणगंगा पिकेट ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड चन्द्रशेखर पाण्डेय और होमगार्ड संजय पाण्डेय की नजर उस पर पड़ी। दोनों जवानों ने बिना एक पल गंवाए त्वरित सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए किशोर को सुरक्षित पकड़ लिया और उसकी जान बचा ली।

घटना के बाद पुलिस टीम किशोर को सकुशल थाने ले आई। वहां उससे आत्मीयता से पूछताछ की गई और उसकी माता मीना तिवारी को तत्काल सूचना देकर थाने बुलाया गया। थाने पर पुलिस अधिकारियों द्वारा किशोर की काउंसलिंग की गई, जिससे वह समझदार बनकर अपने फैसले से पीछे हट सका।

सभी औपचारिकताओं के बाद किशोर को सकुशल उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया। अपने बच्चे को सुरक्षित पाकर परिजनों की आंखें नम हो गईं और उन्होंने शोहरतगढ़ पुलिस व पिकेट पर तैनात जवानों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।