शोहरतगढ़ और बढ़नी को मिली बड़ी सौगात: योगी कैबिनेट ने दी अत्याधुनिक बस स्टेशनों के निर्माण को मंजूरी

Kapilvastupost

शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर): शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के निवासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में शोहरतगढ़ और बढ़नी में दो नए अत्याधुनिक बस स्टेशनों के निर्माण प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी गई है। स्थानीय विधायक विनय वर्मा के अथक प्रयासों और मांग पर मुख्यमंत्री ने यह मंजूरी प्रदान की है।

विधायक विनय वर्मा ने इसे अपने क्षेत्र की जनता के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने जानकारी दी कि कुछ समय पूर्व उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर शोहरतगढ़ और बढ़नी में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के लिए बस अड्डों के निर्माण की मांग रखी थी। उस समय मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया था कि इस मांग को जल्द पूरा किया जाएगा। कैबिनेट से दोनों प्रस्तावों को स्वीकृति मिलने पर विधायक ने मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया है।

विकास और रोजगार को मिलेगी नई रफ्तार इन दोनों अत्याधुनिक बस स्टेशनों के निर्माण से न केवल क्षेत्रीय यात्रियों को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित सार्वजनिक परिवहन सेवा मिलेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर व्यापार, रोजगार और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

क्षेत्रीय विधायक ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और वर्ष 2027 में एक बार फिर प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।