📅 Published on: September 16, 2026
Kapilvastupost
डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर)। क्षेत्र के बैदौलागढ़ में दहेज की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता को लाठी-डंडों से पीटकर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर डुमरियागंज थाना पुलिस ने पति समेत पांच ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
शादी के बाद से ही ताने और प्रताड़ना परसा हुसैन गांव निवासी नूरशबा पुत्री मोहर्रम अली का निकाह 5 नवंबर 2022 को बैदौलागढ़ निवासी मोहम्मद कासिम पुत्र शाजिद उर्फ अब्दुर्रहमान के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। पीड़िता का आरोप है कि पिता ने अपनी हैसियत के मुताबिक पर्याप्त दान-दहेज देकर विदा किया था, लेकिन ससुराल पहुंचते ही कम दहेज का ताना देकर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
बुलेट और 3 लाख रुपये न देने पर लाठी-डंडों से हमला पीड़िता के अनुसार, 13 सितंबर की शाम करीब 4 बजे पति मोहम्मद कासिम, ससुर शाजिद उर्फ अब्दुर्रहमान, जेठ मोहम्मद नाजिम, जेठानी और देवर शाकिर ने उस पर मायके से बुलेट मोटरसाइकिल और तीन लाख रुपये नकद लाने का दबाव बनाया। जब पीड़िता ने पिता की आर्थिक असमर्थता जताई, तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से उसकी जमकर पिटाई कर दी। चीख-पुकार सुनकर जब आसपास के लोग जुटने लगे, तो आरोपी मांग पूरी न होने पर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले।
पुलिस ने शुरू की विधिक कार्रवाई मामले में डुमरियागंज के प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति समेत पांचों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।