रानीगंज धर्मकांटा पर महिला की गला दबाकर हत्या, पति के खिलाफ केस दर्ज

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर: बांसी-इटवा मार्ग स्थित रानीगंज धर्मकांटा पर शनिवार दोपहर एक 25 वर्षीय महिला की गला दबाकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका की पहचान बैरवा नानकार निवासी श्रवण की पत्नी साधना के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

धर्मकांटा पर ही परिवार के साथ रहता था आरोपी

मिली जानकारी के अनुसार, बैरवा नानकार का रहने वाला श्रवण रानीगंज धर्मकांटा पर काम करता है। वह अपनी पत्नी साधना और चार वर्षीय बेटी आराध्या के साथ वहीं पर रहता था। शनिवार दोपहर करीब दो बजे संदिग्ध परिस्थितियों में साधना की गला दबाकर हत्या कर दी गई।

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही सीओ बांसी और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक महेंद्र प्रताप चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

5 साल पहले हुई थी शादी, मायका खुनियांव में

बताया जा रहा है कि साधना का मायका खुनियांव में है और वह रमेश गौड़ की पुत्री थी। उसकी शादी करीब पांच वर्ष पूर्व श्रवण के साथ हुई थी।

पति के खिलाफ हत्या व दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज

प्रभारी निरीक्षक महेंद्र प्रताप चतुर्वेदी ने बताया कि मृतका के बड़े भाई जयकुमार की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति श्रवण के खिलाफ धारा 302 (हत्या) और 304बी (दहेज हत्या) के तहत केस दर्ज कर लिया है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।