📅 Published on: September 20, 2026
पीड़ित के बेटे ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों के खिलाफ डीएम, एसपी व सीएमओ से की शिकायत
Nizam Ansari
सिद्धार्थनगर। लोटन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत भिटपरा के टोला पंडितपुर निवासी सुनील विश्वकर्मा ने पीएस मेमोरियल हॉस्पिटल एंड शाश्मिका आईवीएफ हॉस्पिटल, बेलहिया चौराहा नौगढ़ के चिकित्सकों पर अपने पिता के इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता ने मामले की शिकायत जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और मुख्य चिकित्सा अधिकारी से करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के मुताबिक, सुनील ने अपने पिता पंचराम को पित्त की थैली में पथरी के इलाज के लिए उक्त अस्पताल में भर्ती कराया था। आरोप है कि 13 अगस्त 2026 को डॉ. सुरजीत यादव और डॉ. अमित नायक ने पित्त की थैली का ऑपरेशन किया, जिसके लिए करीब 40 हजार रुपये लिए गए।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद पंचराम की हालत बिगड़ने लगी और पीलिया बढ़ता गया। इसके बावजूद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। हालत गंभीर होने पर 25 अगस्त को सुनील अपने पिता को दोबारा उसी अस्पताल लेकर पहुंचे। शिकायत के अनुसार, चिकित्सकों ने जांच के बाद मरीज को गैस्ट्रो विशेषज्ञ को दिखाने की सलाह दी और इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया।
शिकायतकर्ता का दावा है कि गोरखपुर में जांच के दौरान चिकित्सकों ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान मुख्य नली (CBD) कट जाने के कारण गंभीर स्थिति उत्पन्न हुई है। सुनील ने पूरे मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि न्याय नहीं मिलने की स्थिति में शिकायतकर्ता ने डीएम कार्यालय पर आत्मदाह की चेतावनी दी है और इसके लिए जिला प्रशासन को जिम्मेदार ठहराने की बात कही है।
हालांकि, ऑपरेशन में लापरवाही और मुख्य नली कटने संबंधी आरोप शिकायतकर्ता के हैं। मामले में संबंधित अस्पताल एवं चिकित्सकों का पक्ष सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।