📅 Published on: September 21, 2026
भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी के खिलाफ एसएसबी का अभियान तेज़, बाइक समेत बरामद सामान कस्टम कार्यालय को सौंपा गया।
न्यूज़ रिपोर्ट:
बढ़नी/सिद्धार्थनगर: भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 50वीं वाहिनी की बढ़नी समवाय के जवानों ने रविवार को एक बड़ी सफलता हासिल की है। गश्त के दौरान जवानों ने अवैध रूप से ले जाई जा रही 200 लिथियम बैटरी और एक मोटरसाइकिल के साथ एक नेपाली नागरिक को हिरासत में लिया है।
एसएसबी के अनुसार, गश्ती दल सीमा क्षेत्र में निगरानी कर रहा था, तभी एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर संदिग्ध सामान ले जाता दिखाई दिया। जवानों ने उसे रोककर जांच की तो 200 लिथियम बैटरियां बरामद हुईं। वैध कागजात न प्रस्तुत करने पर एसएसबी ने बैटरियों व बाइक को कब्जे में ले लिया।
नेपाली नागरिक की हुई पहचान पकड़े गए व्यक्ति की पहचान राजेश कुमार यादव (33 वर्ष), पुत्र पुल्लुलाल अहिर, निवासी विद्यानगर वार्ड नंबर 6, जिला कपिलवस्तु (नेपाल) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह इन बैटरियों को अवैध तरीके से बढ़नी के रास्ते नेपाल ले जा रहा था।
कस्टम विभाग को सौंपा गया मामला सीमा पर लगातार बढ़ रही अवैध आवाजाही और तस्करी को रोकने के लिए एसएसबी जवानों द्वारा गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है। एसएसबी ने बरामद लिथियम बैटरियों, मोटरसाइकिल और आरोपी नेपाली नागरिक को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय बढ़नी के सुपुर्द कर दिया है। अब कस्टम विभाग मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगा।