विधायक श्यामधनी ने दिया गौ संरक्षण का संदेश, कहा- ‘गौ सेवा सनातन संस्कृति और समाज का सामूहिक दायित्व’

सेवा संकल्प अभियान के तहत कपिलवस्तु विधायक ने गौ संरक्षण केंद्र में की पूजा-अर्चना, बच्चों के चित्रकला कार्यक्रम में भी लिया हिस्सा।

निजाम अंसारी सिद्धार्थनगर।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं उनके 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की सेवा यात्रा के उपलक्ष्य में, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत सिद्धार्थनगर के कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड उसका स्थित ग्राम पंचायत महरिया के बृहद गौ संरक्षण केंद्र में गौ सेवा संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने गौ माता की विधिवत पूजा-अर्चना की और अपने हाथों से गौवंश को चारा खिलाकर गौ सेवा एवं संरक्षण का संकल्प लिया।

‘गौ सेवा केवल धार्मिक आस्था नहीं, सामूहिक दायित्व भी’

उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक श्यामधनी राही ने कहा कि गौ माता की सेवा सनातन संस्कृति, आस्था और संस्कारों का अभिन्न हिस्सा है। गौ संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज के सामूहिक दायित्व से जुड़ा मामला है। उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से गौ सेवा के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने और इस पुनीत कार्य में सहभागी बनने का आह्वान किया।

‘बच्चों के सपने ही विकसित भारत की मजबूत नींव’

सेवा संकल्प अभियान के तहत ही कपिलवस्तु के विकास खंड बर्डपुर स्थित पीएम श्री कम्पोजिट प्राथमिक विद्यालय मधुबेनिया में ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

यहाँ विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विधायक श्यामधनी राही ने कहा, “बच्चों के सपने ही विकसित भारत के भविष्य की मजबूत नींव हैं। बच्चों ने चित्रकला के माध्यम से आत्मनिर्भर, स्वच्छ एवं सशक्त भारत के अपने सपनों को बेहद सुंदर ढंग से अभिव्यक्त किया है, जो निश्चित रूप से प्रेरणादायी है।