प्राइम टाइम स्पेशल- सिद्धार्थनगर: सुहागरात की सुबह ही उजड़ा सुहाग, फंदे से लटका मिला दूल्हा, बिस्तर पर पड़ी मिली दुल्हन की लाश

-शादी के 24 घंटे भी नहीं बीते, बांसी में नवदंपति की संदिग्ध मौत से मचा कोहराम
– जनियाजोत में मातम: शादी की अगली सुबह दूल्हा-दुल्हन दोनों मृत मिले

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर जिले के बांसी कोतवाली क्षेत्र के जनियाजोत गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शादी के महज 24 घंटे के भीतर ही नवविवाहित दंपति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जिस घर में एक दिन पहले तक शहनाइयां बज रही थीं और खुशी का माहौल था, वहां मंगलवार सुबह अचानक मातम पसर गया।

जानकारी के अनुसार, 21 वर्षीय दूल्हा देशराज कमरे में फंदे से लटका मिला, जबकि दुल्हन बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़ी मिली। सुबह करीब 7 बजे देशराज की मौसी कमरे में दोनों को जगाने पहुंचीं, तभी यह भयावह मंजर सामने आया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।

दुल्हन की बहन अनीता ने बताया कि कमरे के अंदर से कोई कुंडी नहीं लगी थी। परिजनों के मुताबिक दोनों परिवारों की आपसी रजामंदी से शादी हुई थी और किसी तरह का कोई विवाद नहीं था। बताया जा रहा है कि देशराज ने शादी से पहले खुद को टाइफाइड होने की बात कही थी, लेकिन इलाज कराने से इनकार कर दिया था। परिजन अब तक यह समझ नहीं पा रहे कि आखिर यह हादसा कैसे हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही बांसी क्षेत्राधिकारी (CO) शुबेन्दु सिंह मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।