📅 Published on: September 30, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। जनपद के नगरा पावर हाउस पर तैनात संविदा लाइनमैन सुरेन्द्र निगम उर्फ भगत की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चिल्हिया मंडल उपाध्यक्ष दुर्गेश कुमार यादव ने उत्तर प्रदेश के माननीय ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा को पत्र भेजकर उक्त कर्मचारी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्यवाही और निष्कासन की मांग की है।
ऊर्जा मंत्री को भेजे गए शिकायती पत्र में ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि संविदा कर्मी सुरेन्द्र निगम क्षेत्र में नए कनेक्शन देने के नाम पर लोगों से अवैध रूप से मोटी रकम वसूलता है। इसके अलावा, वह मनमाने तरीके से एक गांव की बिजली काटकर दूसरे गांव में फर्जी तरीके से जोड़ देता है और लोगों को परेशान करके पैसे ऐंठने का काम करता है।
बिना रिश्वत नहीं होती खराबी ठीक
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि किसी गांव की बिजली आपूर्ति बाधित या खराब हो जाती है, तो बिना पैसे लिए उसे ठीक नहीं किया जाता।
विकास खण्ड-नौगढ़ के ग्राम मनोहरी के निवासियों का कहना है कि जिन उपभोक्ताओं का बिजली बिल अधिक आया है, उन्हें बिल में छूट दिलाने का झांसा देकर उनसे भी अवैध रूप से धन उगाही की जा रही है। लाइनमैन के इस रवैये से क्षेत्र के निवासी अत्यंत त्रस्त हैं।
तत्काल स्थानांतरण और कानूनी कार्यवाही की मांग
मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा मंडल उपाध्यक्ष दुर्गेश कुमार यादव, ग्राम मनोहरी के निवासियों एवं दर्जनों ग्रामीणों ने मंत्री जी से अपील की है कि मामले को तुरंत संज्ञान में लिया जाए। आरोपी संविदा लाइनमैन को नगरा पावर हाउस से तत्काल हटाकर/निष्कासित कर उसके खिलाफ त्वरित कानूनी कार्यवाही की जाए।
शिकायती पत्र में दुर्गेश कुमार यादव समेत क्षेत्र के दर्जनों ग्रामीणों के हस्ताक्षर व अंगूठे के निशान दर्ज हैं।