📅 Published on: October 2, 2026
Kapilvastupost
तुलसियापुर (सिद्धार्थनगर)।
अयोध्या-फैजाबाद हाईवे पर बुधवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में सिद्धार्थनगर जिले के एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। देर रात जब पोस्टमार्टम के बाद युवक का शव गांव पहुंचा, तो मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
खिलौने की दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था मृतक
मिली जानकारी के अनुसार, ढेबरुआ थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत अहिरौला अंतर्गत खैरहनिया टोला निवासी 30 वर्षीय सुशील चंद्र (पुत्र फ्रीलाल) अपने साले के साथ अयोध्या में रहकर खिलौने की दुकान चलाता था। उसी कमाई से उसके परिवार का गुजर-बसर होता था। बुधवार को वह किसी काम से मोटरसाइकिल लेकर हाईवे की तरफ जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
सुशील की असमय मौत से उसकी पत्नी उमा देवी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे पत्नी के अलावा दो मासूम बेटों—पांच वर्षीय कार्तिक और तीन वर्षीय समर—को छोड़ गया है। पिता की मौत से दोनों मासूम बेखबर हैं, जबकि परिजनों और ग्रामीणों की आंखें नम हैं।
बानगंगा नदी घाट पर हुआ अंतिम संस्कार
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन तत्काल अयोध्या पहुंचे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर देर रात परिजनों को सौंप दिया। गुरुवार दोपहर को नम आंखों और भारी मन से परिजनों व ग्रामीणों ने बानगंगा नदी श्मशान घाट पर मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया।