बलरामपुर: सड़क निर्माण में मानक विहीन कार्य का आरोप, ग्रामीणों ने डीएम से की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

Kapilvastupost

बलरामपुर। बलरामपुर-बिस्कोहर राजमार्ग से पढ़खुड़ी गांव को जोड़ने वाली नवनिर्मित सड़क के निर्माण कार्य में भारी अनियमितता और मानकों की अनदेखी का गंभीर मामला सामने आया है। नाराज ग्रामीणों ने ठेकेदार पर घटिया सामग्री के इस्तेमाल और मनमाने ढंग से काम कराने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में तय मानकों और मोटाई के अनुसार गिट्टी व अन्य सामग्रियों का प्रयोग नहीं किया जा रहा है, जिसके कारण निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही सड़क की परतें उखड़ने लगी हैं। आलम यह है कि कई जगहों पर सड़क की गिट्टी और ऊपरी सतह हाथ से ही आसानी से उखड़ जा रही है। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि निर्माण के दौरान विभागीय अधिकारियों ने कभी भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण नहीं किया, जिससे ठेकेदार और निर्माण एजेंसी के हौसले बुलंद हैं और खुलेआम मनमानी की जा रही है।

उच्चाधिकारियों तक शिकायत की चेतावनी ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस मामले की निष्पक्ष जांच कराकर मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण सड़क का निर्माण सुनिश्चित नहीं कराया गया, तो वे इस संबंध में शासन स्तर के उच्चाधिकारियों से औपचारिक शिकायत करेंगे।

इस विरोध प्रदर्शन और मांग करने वालों में प्रमुख रूप से राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष आनंद पांडेय, संतोष पाठक, रामकुमार पांडेय, अरुण पाठक, धनलाल तिवारी, जगप्रसाद तिवारी, गंगाराम यादव, सुभाष गौतम, शिवकुमार यादव, देवेंद्र यादव, सज्जन पाठक, मोहम्मद गनी, शमशेर अली, अमजद अली, प्रदीप पाठक और कमलेश पाठक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।