सिद्धार्थनगर: मामूली विवाद में खूनी संघर्ष, छत पर पानी गिरने को लेकर युवक पर चाकू से जानलेवा हमला

Nizam Ansari

सिद्धार्थनगर जिले के नौगढ़ चौकी क्षेत्र अंतर्गत आने वाले गरीबपुर गांव में मामूली बात को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार, छत पर पानी डालने के दौरान पानी और गिट्टी नीचे गिरने को लेकर विवाद शुरू हुआ था, जो कुछ ही देर में बेहद हिंसक रूप ले लिया।

आरोपी पर गंभीर आरोप

पीड़ित पक्ष के अनुसार, आरोपी समीर मेकरानी ने सीधे अलीमुद्दीन के घर पहुंचकर गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि आरोपी पहले से ही बकरा काटने वाला तेजधार चाकू लेकर आया था और उसने मौका पाकर पीछे से अलीमुद्दीन की पीठ पर ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही खून से लथपथ होकर गिर पड़ा।

अस्पताल में भर्ती और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल

घटना के तुरंत बाद परिजनों ने आनन-फानन में घायल अलीमुद्दीन को नजदीकी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सूत्रों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, इतनी बड़ी और गंभीर घटना होने के बावजूद संबंधित चौकी इंचार्ज को इसकी भनक तक नहीं थी। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है।