📅 Published on: January 5, 2025
ग्राम पंचायत सिसवा उर्फ शिवभारी में मनरेगा के नाम पर हो रहा फर्जीवाड़ा
राम नगर में मौके पर मजदूर कम हाजिरी डबल
दो चार लोगों का फोटो खींचकर,उसी फोटो को क्राप करके लग रही लोगों की हाजिरी
मानीटिरिंग आनलाइन 2 से 10 श्रमिकों का फोटो अपलोड करके सैकड़ों श्रमिकों का भरा जा रहा फर्जी मास्टर रोल
गुरु जी की कलम से
बढ़नी सिद्धार्थनगर।विकास खण्ड बढ़नी अन्तर्गत ग्राम पंचायत सिसवा उर्फ शिवभारी में मनरेगा के नाम पर फर्जीवाड़े का खेल चल रहा है।
मानिरिटिंग आनलाइन 2से 10 श्रमिकों का फोटो अपलोड करके करीब सैकड़ों श्रमिकों का फर्जी मास्टर रोल भरा जा रहा है।
वहीं इस बात की जानकारी खण्ड विकास अधिकारी एपीओ को होने के बावजूद भी यह सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।
कमीशन के आड़ में बढ़नी- ब्लाक में मनरेगा कार्यों में जमकर भ्रष्टाचार का खेल चल रहा है। जिम्मेदारों के संरक्षण में ग्राम प्रधान द्वारा ग्राम सचिव व रोजगार सेवक के मिलीभगत से इसी तरह से जमकर भ्रष्टाचार किया जा रहा है।
लोगों द्वारा बताया जाता है कि एक वर्क आईडी पर करीब 50 मनरेगा श्रमिकों की फर्जी हाजिरी लगा रहे हैं। ग्राम प्रधान सरकार के लाखों रूपए के गोलमाल करने के फिराक में लगे रहते हैं।
अब सवाल भी उठ रहा है कि आखिर ब्लाक के तकनीकी सहायक व एपीओ व ग्राम सचिव इस बात को नजर अंदाज क्यों कर रहे हैं। सिसवा उर्फ शिवभारी ग्राम पंचायत में इस समय शमशान घाट से दक्षिण हसन मो० के खेत तक चकरोड पटाई व गुड्डू के खेत से अ०रऊफ के खेत तक चकरोड पटाई कार्य चल रहा है।
जिसका निरीक्षण क्यों नहीं किया जा रहा है। जबकि उस ग्राम पंचायत की शिकायत भी गांव वाले कर रहे हैं। गांव निवासी राजेंद्र,अश्विनी सिंह, नितिन कुमार उर्फ नीतू मौर्य ,अरविंद कुमार,धर्मेंद्र आदि लोगों ने जिलाधिकारी से जांच कराये जाने की मांग की है।
एपीओ शाहिद सिराज का कहना है कि मामला संज्ञान में आया देखा जायेगा।वहीं उक्त संबंध में खंड विकास अधिकारी यशवर्धन सिंह का कहना है कि सिसवा उर्फ शिवभारी की अक्सर शिकायतें मिलती रहती है। मामले की जांच पड़ताल कर उचित कार्रवाई की जायेगी।