सिद्धार्थ नगर – सुरक्षा एजेंसियों के हत्थे चढ़ा एक चीनी नागरिक

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर,  एसएसबी आौर मोहाना पुलिस ने इंडो-नेपाल के ककरहवा बॉर्डर के पिलर संख्या 544 के पास से गुरुवार देर शाम भारत में अवैध तरीके से घुसपैठ करते समय एक चीनी नागरिक को गिरफ्तार कर लिया है।

उसके पास भारत आने का वैध वीजा नहीं था। पुलिस ने चीनी नागरिक के खिलाफ विदेशी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। उससे पूछताछ जारी है।

चीनी नागरिक नेपाल सीमा से ककरहवा बॉर्डर पार कर नो मैंस लैंड से 60 मीटर अंदर आ चुका था। इस दौरान एसएसबी और पुलिस की उस पर नजर पड़ी तो उसे रोक कर पूछताछ शुरू कर दी।

इसमें भाषा की दिक्कत आई। आलाधिकारियों को सूचना दी गई तो खुफिया सहित अन्य एंजेंसियां भी पहुंच गईं। काफी देर तक चली पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम झी यिंग बोधिसत्व निवासी एंसियंट बुद्धिष्ट टेंपल, तिन हाऊ शेक ओ हांगकांग चीन बताया।

उसकी तलाशी ली गई तो पासपोर्ट, चीन का पहचान पत्र, दो क्रेडिट कार्ड, बोर्डिंग पास, नेपाली करेंसी व डालर आदि बरामद हुए।

उसके पास भारतीय सीमा में प्रवेश करने का वैध वीजा नहीं था। बताया जा रहा है कि उसने भूलवश भारतीय सीमा में प्रवेश करने की बात कही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 14 (ख) विदेशी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।