📅 Published on: April 17, 2025
Kapilvastupost
आजाद अधिकार सेना ने उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था के पूरी तरह ध्वस्त हो जाने के विरोध में ज़िला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी के जोनल अध्यक्ष श्री जितेन्द्र कुमार पाण्डेय ने किया। प्रदर्शन के पश्चात राष्ट्रपति महोदय के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया।
प्रत्यावेदन में उल्लेख किया गया है कि बीते कुछ सप्ताहों में उत्तर प्रदेश में घटी विभिन्न घटनाओं ने यह स्पष्ट कर दिया है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज़ शेष नहीं बची है। कासगंज में एक भाजपा नेता द्वारा बलात्कार, फतेहपुर में ट्रिपल मर्डर, प्रयागराज में एक दलित युवक को ज़िंदा जलाने की घटना, वाराणसी में जघन्य रेप केस, और राजनैतिक कारणों से हरीश मिश्रा को जेल भेजे जाने जैसी घटनाएं इसकी स्पष्ट मिसाल हैं।
आरोप लगाया गया कि इन सभी मामलों में प्रदेश पुलिस की भूमिका संदिग्ध रही और वह दबंगों के पक्ष में खड़ी दिखाई दी। आगरा में करणी सेना के एक कार्यक्रम के दौरान पुलिस संरक्षण में उत्पन्न अराजकता ने यह साबित कर दिया कि प्रशासनिक मशीनरी पूर्णतः विफल हो चुकी है।
ज्ञापन में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश सरकार न केवल संविधान प्रदत्त कर्तव्यों के निर्वहन में असफल रही है, बल्कि आम नागरिकों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल भी बना रही है। ऐसे में आजाद अधिकार सेना ने राष्ट्रपति महोदय से अनुरोध किया है कि वे अपने संवैधानिक अधिकारों का प्रयोग करते हुए उत्तर प्रदेश में तत्काल प्रभाव से राष्ट्रपति शासन लागू करें।
बैठक मे जिला प्रभारी उपेन्द्र चतुर्वेदी राहुल गौतम कुसुम लोधी आदि लोग मौजूद थे।