📅 Published on: July 27, 2025
Kapilvastupost
त्रिलोकपुर, सिद्धार्थनगर।
थाना क्षेत्र के डोकम अमया गांव की निवासी दुर्गावती पत्नी सोमनाथ ने खुद को लोन देने वाले व्यक्तियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। महिला का कहना है कि लोन की किश्त मांगने आए युवकों ने न सिर्फ उसके साथ अभद्रता की बल्कि मारपीट कर जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़िता ने त्रिलोकपुर थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उसके पति की तबीयत खराब होने के चलते कुछ समय पूर्व उसे पैसों की जरूरत थी। इसी दौरान गांव में कुछ युवक आए और खुद को एक कंपनी का प्रतिनिधि बताकर महिलाओं को लोन देने की बात कही।
दुर्गावती के अनुसार, उन्होंने आधार कार्ड, वोटर कार्ड व बैंक पासबुक के साथ इटवा स्थित कार्यालय जाकर लोन प्रक्रिया पूरी की, जहां बीमा के नाम पर 2000 रुपये काटकर 33 हजार रुपये उसके खाते में ट्रांसफर किए गए। साथ ही एक कार्ड भी बनाया गया।
इसके बाद युवक उसके घर से किश्त के रूप में 32,220 रुपये नकद वसूल कर ले गए। महिला का कहना है कि करीब पांच माह पूर्व जब वह किश्त नहीं दे पाई तो आरोपी युवक घर आकर गाली-गलौज करते हुए चले गए थे।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि 21 जुलाई को जब वह घर पर अकेली थी, तो वही लोग फिर आ धमके और बाल पकड़कर उसे पीटने लगे तथा किश्त मांगने लगे। किसी तरह जान बचाकर उसने दरवाजा बंद किया।
पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष शिवाकांत राय ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है, तहरीर मिलने पर जांच की जाएगी।