सिद्धार्थनगर – आयकर की कटौती में विसंगति से आईटीआर फाइल करना चुनौती

गुरु जी की कलम से

सिद्धार्थनगर – गुरुवार को पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ का प्रतिनिधिमंडल जिला अध्यक्ष रमेश चंद मिश्र व महामंत्री कलीमुल्लाह के नेतृत्व में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा वित्त एवं लेखाधिकारी से मिलकर शिक्षकों की समस्याओं को दूर किए जाने की मांग की।

अधिकारियों ने संबंधित समस्याओं के समाधान के प्रगति की स्थिति तथा अन्य शेष समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिया।

जिला अध्यक्ष रमेश चंद्र मिश्र ने कहा कि जिले के शिक्षकों के चयन और प्रोन्नति वेतनमान का मामला कई महीनो से लम्बित है, इसे शीघ्र समाधान किया जाना नितांत आवश्यक है। कई शिक्षक काफी लम्बे समय से निलंबित हैं, जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी बहाली नही हो रही है।उन्हें बहाल किया जाए।

निपुण लक्ष्य को पूरा करने के लिए पदोन्नति के माध्यम से प्रत्येक पूर्व माध्यमिक विद्यालय में नई शिक्षा नीति के अनुसार भाषा गणित विज्ञान अध्यापक की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी समस्याओं पर शासन एवं प्रशासन स्तर से समाधान किए जाने के प्रयासों और कार्यवाही के बारे में विस्तार से बताया और शीघ्र समाधान होने का संकेत दिया।

जिला महामंत्री कलीमुल्लाह ने कहा कि कई शिक्षकों के आयकर कटौती में भारी विसंगति है, आईटीआर दाखिल करते समय उनकी कटौती दिखाई ही नहीं देती है। कई शिक्षकों का फार्म 16 नही मिला है, आईटीआर दाखिल करने समय मात्र दस दिन और शेष हैं, इसलिए सभी शिक्षक परेशान हैं।

इसे तत्काल सही कराया जाए, इस पर उन्होंने सीए से बात की, सीए ने सभी को समय से आईटीआर दाखिल करने का सुझाव दिया तथा प्राप्त विसंगतियों को दो तीन दिन में सही हो जाने का आश्वासन दिया, जीपीएफ पासबुक बनाने की प्रक्रिया में काफी धीमी गति पर वित्त एवं लेखा अधिकारी ने लेखा सहायक रवि कुमार को कड़ी फटकार लगाई और जल्द पूर्ण करने का निर्देश दिया। वरिष्ठ शिक्षकों के वेतनमान संबंधी समस्या का भी इसी माह में समाधान करने का आश्वासन दिया।

संगठन के प्रतिनिधि मंडल में मुख्य रूप से राम विलास, उमेश चौधरी, रणंजय मिश्र, जगतानन्द झा, धर्मेंद्र सिंह, विनोद चौधरी हरिश्चंद आदि मुख्य रूप से शामिल रहे।