📅 Published on: January 5, 2025
बृजेश कुमार सिंह / चिल्हिया
जिले के थाना क्षेत्र चिल्हियां अन्तर्गत सम्पत्ति विवाद को लेकर एक महिला ने पति को पेड़ से बांधकर खूब पीटा है। तत्पश्चात घटना की जानकारी पुलिस को हुई तो पुलिस ने व्यक्ति को छुड़ाया और महिला का शान्ति भंग की आशंका में पुलिस ने चालान किया है।
आपको बता दें कि चिल्हियां थाना क्षेत्र ग्राम टेकनार निवासी गौरीशंकर की शादी 20 वर्ष पूर्व करौना गांव की राधा से हुई थी। बाद में पीड़ित ने भावपुर की राधिका से शादी कर ली और पहली पत्नी को छोड़ दिया।
राधा से गौरीशंकर को एक बेटा भी है। उनकी पहली पत्नी बेटे के साथ मायके करौना में रहने लगी। राधिका से शादी के बाद से आये दिन सम्पत्ति बंटवारे को लेकर गौरीशंकर व राधा का विवाद होने लगा।
इस बात को लेकर शुक्रवार को भी दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। इसके बाद राधा ने गौरीशंकर को टेकनार में एक पेड़ से बांध दिया और उनकी जमकर पिटाई की। किसी ने इसका वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया।
हालांकि संवाददाता प्रसारित वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। घटना कुछ देर बाद पुलिस के संज्ञान में आयी तो उन्होंने मौके पर पहुंची और गौरीशंकर को छोड़वाया।
इस सम्बन्ध में चिल्हिया थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद ने बताया कि गौरीशंकर ने दो शादियां की है। उनके पिता अपनी अधिकांश सम्पत्ति बेच दी। जो सम्पत्ति बची हुई थी, उसे उनकी मां ने गौरीशंकर की दूसरी पत्नी के बच्चों के नाम वरासत कर दिया। अब सम्पत्ति को लेकर आये दिन गौरीशंकर का पहली पत्नी से विवाद होता है।