Skip to content

विकासखंड बढ़नी के ग्राम सभा मड़नी में सपा की पीडीए पंचायतमे: महंगाई, बेरोजगारी और अन्याय के खिलाफ उठी आवाज
गुरु जी की कलम से / बढ़नी
सिद्धार्थनगर: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर बढ़नी क्षेत्र के ग्राम मड़नी में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) पंचायत का आयोजन किया गया। इस पंचायत में महंगाई, बेरोजगारी और पीडीए समाज के लोगों के साथ हो रहे अन्याय और अत्याचार के मुद्दों पर चर्चा की गई।
पंचायत की अध्यक्षता करते हुए सपा अल्पसंख्यक सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष बाबा इब्राहिम ने कहा कि भाजपा सरकार में बेरोजगारी चरम पर है और लोगों को जाति और धर्म के नाम पर बांटा जा रहा है। उन्होंने संविधान के अपमान का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा भाषा के नाम पर विभाजन पैदा कर रही है।
मुख्य अतिथि सपा नेता उग्रसेन प्रताप सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई, थानों में लूट और पीडीए समाज के लोगों के साथ अन्याय और अत्याचार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अगर संविधान नहीं होता तो हम नहीं होते। उन्होंने सामाजिक भाईचारे को खत्म करने के भाजपा के प्रयासों की निंदा की।
स पा नेता उग्रसेन सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार पर वर्तमान में कुल कर्ज़ 8.87 लाख करोड़ रुपये है। इसका अर्थ है कि प्रदेश का प्रत्येक नागरिक लगभग 36,000 रुपये के कर्ज़ का भार वहन कर रहा है।
हाल ही में, उत्तर प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 8.08 लाख करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत किया है, जो पिछले वर्ष के 7.36 लाख करोड़ रुपये के बजट से 9.8% अधिक है। इस बजट का लगभग 50% हिस्सा वेतन, पेंशन, और कर्ज़ के ब्याज भुगतान पर खर्च हो रहा है।
बजट में विभिन्न विभागों के लिए धनराशि आवंटित की गई है, जैसे कि शिक्षा के लिए 1,06,360 करोड़ रुपये, ऊर्जा क्षेत्र के लिए 61,070.91 करोड़ रुपये, और स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए 50,550 करोड़ रुपये।
कुल मिलाकर, उत्तर प्रदेश सरकार का कर्ज़ राज्य के बजट के बराबर हो गया है, जो वित्तीय प्रबंधन और संसाधन आवंटन के लिए एक महत्वपूर्ण संकेतक है। देखते रहिये आने वाले दिनों में मंहगाई और गरीबी और बढ़ेगी |
विधानसभा अध्यक्ष हरिनारायण यादव ने अस्पतालों, थानों और तहसीलों में व्याप्त भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया। छात्रसभा के जिलाध्यक्ष विष्णु उमर ने अस्पतालों में डॉक्टरों और दवाओं की कमी और तहसील में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने लोगों से सपा को मजबूत करने की अपील की।
पंचायत में जिला सचिव रामू यादव, राजेंद्र यादव, सेक्टर प्रभारी शमशेर, नेबुलाल, विशाल बारी और राम सेवक यादव सहित कई अन्य सपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।