📅 Published on: April 14, 2025
Kapilvastupost
क्षेत्र के अगया गांव के पास नेशनल हाईवे-730 पर निर्माणाधीन बाइपास सड़क पर रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क निर्माण में जुटे मिस्त्री रामू चौहान (25) की एक अनियंत्रित रोलर की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक रामू, चिल्हिया थाना क्षेत्र के केसरा गांव निवासी अवधराम का पुत्र था।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, शोहरतगढ़ क्षेत्र के परसिया गांव के पास से मड़वा तक जा रही बाइपास सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। रामू चौहान वहीं मिस्त्री के रूप में कार्यरत था और रविवार को भी रोज की तरह ड्यूटी पर आया था। दोपहर बाद वह अगया गांव के पास काम कर रहा था, तभी अचानक एक निर्माण कार्य में लगी भारी भरकम रोलर ने नियंत्रण खो दिया और रामू को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रामू की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की।