इरान और इज़राइल के बीच तनाव पर नेपाल सरकार का आधिकारिक बयान: शांति, संयम और कूटनीतिक समाधान का आह्वान

गुरु जी की कलम से 

बढ़नी सिद्धार्थनगरनेपाल सरकार ने इरान और इज़राइल के बीच बढ़ते तनाव पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए शुक्रवार को एक आधिकारिक बयान जारी किया है। विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में दोनों पक्षों से आग्रह किया है कि वे तनाव को और बढ़ाने से बचें और सभी विवादों का समाधान संवाद और कूटनीतिक प्रयासों के माध्यम से करें।
बयान में कहा गया है कि नेपाल इस संवेदनशील स्थिति पर नज़दीक से नज़र बनाए हुए है और क्षेत्र में शांति और स्थिरता के लिए संयम और समझौते की आवश्यकता पर जोर दिया है। साथ ही, नेपाल सरकार ने इरान और इज़राइल में रहने वाले नेपाली नागरिकों से स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने और अपनी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने का अनुरोध किया है।
माओवादी केंद्र, लुम्बिनी प्रदेश के वरिष्ठ नेता मौलाना मशहूद खां नेपाली का बयान:
“मध्य पूर्व में जारी संघर्ष वैश्विक शांति के लिए गंभीर खतरा है। इस संकट का सामना भावनात्मक प्रतिक्रिया से नहीं, बल्कि बुद्धिमत्ता और दूरदर्शिता से करना होगा। धैर्य, समझदारी और बातचीत ही ऐसे रास्ते हैं जो रक्तपात को रोक सकते हैं। नेपाल हमेशा से शांति, सद्भाव और मानवता के मूल्यों का समर्थन करता रहा है। आज हमारा संदेश पूरी दुनिया के लिए स्पष्ट है यह समय युद्ध का नहीं, बल्कि एकता और शांति का है।”
नेपाल सरकार का यह संतुलित और सकारात्मक रुख अंतरराष्ट्रीय समुदाय को एक मजबूत संदेश देता है और क्षेत्र में स्थायी शांति की कोशिशों को प्रबल करेगा।