बांसी में बिजली संकट: भीषण गर्मी में लोग बेहाल, जनप्रतिनिधि और विभाग दोनों नदारद!

महेंद्र कुमार गौतम

बांसी (सिद्धार्थनगर)।
बांसी विद्युत उपकेंद्र से जुड़े ग्रामीण फीडरों पर बिजली की आपूर्ति लगभग ठप है। चिलचिलाती गर्मी में जहां आम जनता को राहत की उम्मीद होती है, वहीं बिजली विभाग की लापरवाही और जनप्रतिनिधियों की निष्क्रियता ने लोगों को पूरी तरह त्रस्त कर दिया है।

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बांसी उपकेंद्र से जुड़े अधिकांश ग्रामीण क्षेत्रों में दिनभर बिजली मात्र कुछ घंटों के लिए ही आती है। 24 घंटे में केवल 5 से 6 घंटे बिजली मिल रही है, जिससे रात में नींद हराम और दिन में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो चुका है। वहीं दूसरी ओर, बांसी नगर पालिका क्षेत्र में अपेक्षाकृत सामान्य आपूर्ति बनी रहती है, जिससे ग्रामीणों में असंतोष और रोष दोनों है।

बिजली विभाग का तर्क है कि दिन में पोल और तारों का नवीनीकरण कार्य चल रहा है, लेकिन सवाल ये है कि रात में कौन-सा मेंटेनेंस होता है कि पूरी रात बिजली गुल रहती है?

जनप्रतिनिधि और विपक्ष की चुप्पी कर रही है जनता को निराश

स्थिति तब और गंभीर हो जाती है जब स्थानीय जनप्रतिनिधि और विपक्षी दल इस जनसमस्या पर चुप्पी साधे हुए हैं। तमाम शिकायतों के बावजूद न तो विभागीय अधिकारियों की जवाबदेही तय हो रही है और न ही किसी स्तर से कोई राहत मिल रही है। लापरवाह कर्मचारियों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

जनता पूछ रही है— आखिर कब मिलेगा राहत?

बांसी के ग्रामीण अब एक स्वर में सवाल कर रहे हैं कि इस भयंकर गर्मी में बिजली की बेसिक सुविधा भी क्या अब किस्मत पर निर्भर हो गई है? अगर जिम्मेदारों की यही चुप्पी रही तो आने वाले समय में जनाक्रोश फूटना तय है।