इटवा में भीषण सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दो गंभीर घायल ,देखें घटना की दिल दहला देने वाला वीडियो

Kapilvastupost

रविवार को इटवा-डुमरियागंज मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इटवा थाने के बगल में हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। मृतक की पहचान डुमरियागंज थाना क्षेत्र के बैदौला गांव निवासी उदयभान (25) पुत्र भगवान दीन के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उदयभान अपने गांव के दोस्तों मुकेश (20) पुत्र रघुनाथ और परवेज आलम (19) पुत्र जसगीर आलम के साथ बाइक से इटवा के पुरैना गांव में अपनी बहन से मिलने जा रहा था। इसी दौरान बढ़नी की दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने इटवा थाने के पास उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस भयानक टक्कर में उदयभान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मुकेश और परवेज गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना पर इटवा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी इटवा भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की हालत गंभीर बताते हुए मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थानाध्यक्ष श्याम सुंदर तिवारी ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कर दिया गया है। मामले में तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है।