📅 Published on: June 25, 2025
Nizam Ansari
शोहरतगढ़,सिद्धार्थनगर।
उत्तर प्रदेश व्यापार संगठन के जिला अध्यक्ष अजय कसौधन के नेतृत्व में मंगलवार को महादेवा बाजार में व्यापारियों एवं स्थानीय लोगों की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान व्यापार संगठन के पदाधिकारियों एवं स्थानीय व्यापारियों ने जिला अध्यक्ष अजय कसौधन का माल्यार्पण कर गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अजय कसौधन ने आम जनता एवं व्यापारियों की समस्याएं बारी-बारी से सुनी और सभी को भरोसा दिलाया कि व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि “मैं कोई सरकारी अधिकारी या नेता नहीं हूं, मैं व्यापार संगठन का प्रतिनिधि हूं, और व्यापारियों की समस्याओं के लिए हर स्तर पर आवाज उठाऊंगा।”
अजय कसौधन ने मौके पर ही जिम्मेदार अधिकारियों से फोन पर बात कर कई समस्याओं को रखा और जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया। बैठक के दौरान मौजूद व्यापारियों ने भी ज़ोरदार तालियों से अपनी संतुष्टि व्यक्त की और ‘हम आपके साथ हैं’ का नारा लगाते हुए संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।
बैठक में संगठन के जिला उपाध्यक्ष ओम प्रकाश कसौधन, नगर अध्यक्ष विजय वर्मा एवं नगर महामंत्री मोहम्मद कैफ सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।