सिद्धार्थनगर मेडिकल कॉलेज में 24 घंटे नॉर्मल डिलीवरी और सप्ताह में तीन दिन सर्जरी की सुविधा शुरू, प्रसूताओं को मिलेगा लाभ – डॉ. राजेश मोहन

Nizam Ansari 

सिद्धार्थनगर।
जनपद के लिए राहत भरी खबर है। माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर में अब प्रसूताओं को 24 घंटे नॉर्मल डिलीवरी की सुविधा मिलेगी। साथ ही सप्ताह में तीन दिन सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को सर्जरी के जरिए डिलीवरी एवं अन्य संबंधित ऑपरेशन की व्यवस्था भी शुरू कर दी गई है। इससे अब गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी और उन्हें प्राइवेट अस्पतालों में मोटी रकम खर्च करने से राहत मिलेगी।

यह जानकारी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश मोहन ने मंगलवार को आयोजित एक पत्रकार वार्ता में दी। इस दौरान उनके साथ प्रोफेसर गाइनोकोलॉजिस्ट डॉ. सच्चिदानंद उपाध्याय भी मौजूद रहे।

डॉ. राजेश मोहन ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में लगातार स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि जनपदवासियों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा उपलब्ध कराई जा सके। डिलीवरी के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए मेडिकल कॉलेज में 24 घंटे नॉर्मल डिलीवरी की सुविधा उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त सप्ताह में तीन दिन सर्जरी के माध्यम से जटिल प्रसव की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज में गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच की व्यवस्था है। समय से जांच कराने पर जटिलताओं का समय रहते पता चल जाता है, जिससे जच्चा-बच्चा दोनों की सेहत सुरक्षित रहती है। इसके लिए जिले की महिलाओं को जागरूक होने की आवश्यकता है।

एनआईसीयू और विशेषज्ञों की टीम भी तैनात
डॉ. मोहन ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में नवजात बच्चों के इलाज के लिए एनआईसीयू (नवजात गहन चिकित्सा इकाई) की सुविधा भी उपलब्ध है। किसी भी आपात स्थिति में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम तत्काल इलाज के लिए मौजूद रहती है।

उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में बेहतर गुणवत्ता की दवाइयां 24 घंटे उपलब्ध रहती हैं, ताकि किसी भी समय मरीजों को आवश्यक दवाएं मिल सकें। शासन और प्रशासन की मंशा है कि जिले में अधिक से अधिक प्रसूताओं को मेडिकल कॉलेज में सुरक्षित डिलीवरी की सुविधा मिले।

फोटो कैप्शन:
पत्रकार वार्ता के दौरान जानकारी देते मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश मोहन और साथ में मौजूद प्रोफेसर गाइनोकोलॉजिस्ट डॉ. सच्चिदानंद उपाध्याय।