📅 Published on: July 15, 2025
Nizam Ansari
नई दिल्ली/सिद्धार्थनगर।
जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. के कुशल नेतृत्व और दूरदर्शिता का प्रतिफल है कि सिद्धार्थनगर जनपद को ‘एक जनपद एक उत्पाद’ (ODOP) योजना के तहत वर्ष 2024-25 के लिए प्रतिष्ठित राष्ट्रीय ब्रॉन्ज पुरस्कार प्राप्त हुआ है। यह सम्मान काला नमक चावल की विशेषता, पहचान और उसकी व्यापक विपणन क्षमता को दर्शाता है।
यह पुरस्कार डॉ. राजा गणपति आर. ने नई दिल्ली में आयोजित एक भव्य समारोह में ग्रहण किया। सम्मान समारोह में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, वाणिज्य मंत्रालय के राज्य मंत्री जितेंद्र प्रसाद, और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा यह सम्मान प्रदान किया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य ODOP योजना के तहत उत्कृष्ट उत्पादों को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाना था।
इस उपलब्धि से जनपद में हर्ष और गौरव का वातावरण है। काला नमक चावल की विशिष्टता, स्वाद और पोषण मूल्य को राष्ट्रीय मान्यता मिलने से स्थानीय किसानों, व्यापारियों और उत्पादकों को व्यापक स्तर पर प्रोत्साहन मिलेगा।
डॉ. राजा गणपति आर. की कार्यशैली और विकासोन्मुखी सोच की सर्वत्र सराहना हो रही है, जिसके चलते जनपद को लगातार नई परियोजनाओं का लाभ मिल रहा है। सिद्धार्थनगर की कृषि क्षमता को उन्होंने नए सिरे से रेखांकित कर देशभर में एक ब्रांड वैल्यू के रूप में स्थापित किया है।
यह पुरस्कार निश्चित रूप से जनपद के लिए नए अवसरों के द्वार खोलने वाला है और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक स्तर तक पहुंचाने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।