Breaking news Siddhartha nagar : सड़क किनारे खून से लथपथ मिला युवक, अस्पताल ले जाते समय मौत — परिजन बोले हत्या हुई है

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर, बांसी। जिले के बांसी कोतवाली क्षेत्र के कुनौना गांव के पास शुक्रवार सुबह एक 35 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध हालात में सड़क किनारे खून से लथपथ मिला। मृतक की पहचान डेडिया गांव निवासी दिलीप गुप्ता पुत्र गौरी गुप्ता के रूप में हुई है।

राहगीरों की सूचना पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और युवक को तत्काल सीएचसी चिलौली ले गए, जहां गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। लेकिन उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही बांसी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।

परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि दिलीप को किसी ने मारकर वहां फेंका है। मृतक के घर में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम सक्रिय है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। संदिग्ध परिस्थितियों और परिजनों के आरोपों के आधार पर हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किए जाने की संभावना जताई जा रही है।