📅 Published on: July 19, 2025
Kapilvastupost
थाना क्षेत्र शोहरतगढ़ के चरिगवां गांव की एक महिला मनरेगा मजदूर ने डीएम को प्रार्थनापत्र देकर प्रधान प्रतिनिधि पर जबरन मजदूरी का पैसा निकलवाने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले की जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
चरिगवां गांव की रहने वाली बासमती पत्नी चन्द्रराम ने बताया कि पहले भी प्रधान प्रतिनिधि ने दो-तीन बार उसके खाते में मनरेगा की मजदूरी भेजी और फिर अपने घर बुलाकर जबरदस्ती पूरा पैसा निकलवा लिया। इसके बदले में उसे सिर्फ 500 रुपए थमा दिए गए।
महिला का आरोप है कि मना करने के बावजूद 11 जुलाई को फिर से उसके खाते में ₹3024 भेजे गए और उसे निकालने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर प्रधान प्रतिनिधि और उसके दो सहयोगियों ने गाली-गलौच की, फर्जी केस में फंसाने की धमकी दी और पासबुक छीनकर जबरन अंगूठा लगवाकर पैसा निकलवा लिया।
बासमती ने मामले की शिकायत जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर से की है।
इस संबंध में बढ़नी बीडीओ अनिशि मणि पाण्डेय ने बताया कि शिकायत की जांच कराई जा रही है। आरोप सही पाए गए तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।