कोहरा और मातम में डूबा सिद्धार्थनगर: नहाने गए युवक की नदी में डूबने से मौत, शव की तलाश जारी

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर। जनपद के उसका बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत गनेरा के पास स्थित कूड़ा नदी में रविवार शाम दर्दनाक हादसे में 20 वर्षीय युवक ऋतिक वर्मा की डूबने से मौत हो गई। ऋतिक अपने पांच दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था, जहां गहरे पानी में चले जाने से उसकी जान चली गई।

घटना की सूचना मिलते ही इलाके में कोहराम मच गया। मृतक के घरवालों का रो-रो कर बुरा हाल है। मां रीना वर्मा बार-बार बेहोश हो जा रही हैं। मौके पर सदर विधायक श्यामधनी राही, नायब तहसीलदार नौगढ़ विजय कुमार श्रीवास्तव, थाना प्रभारी हरे कृष्ण उपाध्याय समेत तमाम प्रशासनिक अधिकारी व स्थानीय नेता पहुंचे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब ऋतिक डूबने लगा तो उसने पास नहा रहे लड़कों में से एक की चड्डी पकड़ ली। वह लड़का भी डर के मारे खुद को छुड़ाकर भागा और ऋतिक गहरे पानी में समा गया। आसपास नहा रहे अन्य पांच युवक किसी तरह बच निकले, लेकिन ऋतिक की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों ने काफी मशक्कत की, पर सफलता नहीं मिली।

ऋतिक नगर पालिका परिषद सिद्धार्थनगर के वार्ड नंबर 13 इंदिरा नगर का निवासी था। वह अपने चचेरे भाई प्रिंस वर्मा (18), आशीष कुमार (23), स्वरूप पांडेय (17), सागर पांडेय (14), अनूप कुमार (17) के साथ टहलने और नहाने गया था।

यह कूड़ा नदी में पिछले कुछ समय में दूसरी ऐसी घटना है, जिसमें नहाते समय कोई युवक डूबा हो।

समाचार लिखे जाने तक शव बरामद नहीं हुआ है। एसडीआरएफ की टीम को सूचना दे दी गई है और सोमवार सुबह से शव की खोजबीन दोबारा शुरू होगी।

स्थानिय लोगों ने प्रशासन से नदी के किनारे चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।